उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़े, देहरादून सबसे प्रभावित   स्कूलों के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की एडवाइजरी जारी

उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़े, देहरादून सबसे प्रभावित  

स्कूलों के लिए मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग की एडवाइजरी जारी

 

**देहरादून:** उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक कुल 565 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 372 मामले अकेले देहरादून जिले के हैं। बीते 24 घंटे में देहरादून में 8 नए पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं। वर्तमान में देहरादून और ऋषिकेश में कुल 78 सक्रिय मरीज हैं।

 

संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने स्कूलों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया जाए और बच्चों को मास्क पहनकर ही स्कूल आने के लिए कहा जाए। फ्लू जैसे लक्षण वाले बच्चों को स्कूल न भेजने की भी सलाह दी गई है।

 

डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू ड्रॉपलेट इंफेक्शन से फैलने वाली वायरल बीमारी है। इसलिए जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है। विभाग आम जनता के लिए भी जल्द एडवाइजरी जारी करने की तैयारी में है, जिसमें लक्षणों की पहचान और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

 

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत खुद को आइसोलेट करें, भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचें, मास्क का इस्तेमाल करें और हाथों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। सरकारी और निजी अस्पतालों में आइसोलेशन बेड चिह्नित किए गए हैं तथा फ्लू ओपीडी भी संचालित की जा रही है। फिलहाल ज्यादातर सक्रिय मरीजों का इलाज निजी अस्पतालों में चल रहा है। इनमें कई मरीजों में पहले से कोई अन्य बीमारी (कॉमॉर्बिडिटी) भी मौजूद है।

 

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक दो मौतों की पुष्टि स्वाइन फ्लू के कारण हुई है। विभाग ने लोगों को आश्वस्त किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। बस समय पर सावधानी बरतें और लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।