**पुलिस अधीक्षक की समीक्षा बैठक: दीपावली-धनतेरस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, अतिक्रमण व साइबर मामलों में कड़ी चेतावनी**

 

**पुलिस अधीक्षक की समीक्षा बैठक: दीपावली-धनतेरस को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त, अतिक्रमण व साइबर मामलों में कड़ी चेतावनी**

आगरा। जनपद पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में यातायात व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने, त्योहारों के दौरान सुरक्षा और साइबर अपराधों के निस्तारण को लेकर थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट कहा गया कि किसी भी प्रकार की कोताही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

बैठक में थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के मुख्य बाजारों, भीड़-भाड़ वाले स्थानों, चौराहों और यातायात दबाव वाले इलाकों में सड़क किनारे व फुटपाथ पर हुए अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर अग्नि सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारियों से कहा गया कि मुख्य बाजारों में दुकानों के बाहर या फुटपाथ पर किसी भी दशा में अस्थाई अतिक्रमण न हो, ताकि आपात स्थिति में आपात सेवा वाहनों का निर्बाध आवागमन सुनिश्चित हो सके।

आगामी धनतेरस और दीपावली को देखते हुए ज्वेलरी शॉप्स, बैंक, एटीएम, फाइनेंस कार्यालय और सर्राफा बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के आदेश दिए गए। सभी ज्वेलरी/सर्राफा दुकानों, बैंकों, एटीएम बूथों और गोल्ड लोन/फाइनेंस कार्यालयों का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था की जांच करने को कहा गया। बिना सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी के संचालित एटीएम/प्रतिष्ठानों की सूची बनाकर प्रबंधकों को नोटिस देने तथा थाने में रजिस्टर बनाकर सारी कार्रवाई दर्ज करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारियों को नियमित रूप से इस रजिस्टर का अवलोकन करने को कहा गया। सर्राफा बाजार, पलटन बाजार और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सादे व वर्दी में पुलिस गश्त बढ़ाने के आदेश भी जारी किए गए।

राजकीय पर्वों और राज्य स्थापना दिवस के दौरान विशिष्ट महानुभावों के आगमन को ध्यान में रखते हुए संदिग्धों की तलाश के लिए प्रभावी चेकिंग/सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि रखने और भ्रामक खबरें फैलाकर शांति व कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने को कहा गया।

अपराध समीक्षा के दौरान लंबित घटनाओं के अनावरण के लिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संवेदनशील व भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाने तथा जमानत पर चल रहे अभियुक्तों का नियमित भौतिक सत्यापन करने के आदेश दिए गए।

सीसीटीएनएस पोर्टल पर सूचनाओं को समय से अध्यावधिक न करने पर थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई गई और नियमित रूप से पोर्टल अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। साइबर शिकायतों, ई-जीरो एफआईआर और नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की समीक्षा में अपेक्षानुरूप कार्रवाई न होने पर सख्त चेतावनी दी गई। साइबर मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कोताही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।