**देहरादून: महिला जज से अभद्रता, रैपिडो चालक पर गंभीर आरोप**
देहरादून। राजधानी के बलबीर रोड स्थित जजेज कॉलोनी निवासी महिला जज ने रैपिडो चालक पर छेड़छाड़, अपहरण के प्रयास और धमकी का गंभीर आरोप लगाया है। घटना 21 अक्टूबर शाम की बताई जा रही है।
शिकायत के अनुसार महिला जज ने जजेज कॉलोनी से सौड़ा सरोली, मालदेवता के लिए रैपिडो बुक की थी। आरोप है कि चालक ने निर्धारित रूट बदलकर सुनसान रास्ते पर ले जाकर तय किराए से दोगुनी रकम मांगी। विरोध करने पर चालक ने अभद्रता बरती और धमकी दी।
पीड़िता का आरोप है कि चालक बाद में कॉलोनी के गेट पर पहुंचा और हंगामा कर गार्ड को भी धमकाया। शिकायत मिलते ही डालनवाला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन में यात्री सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
