**सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले 20 लोग हिरासत में**

**सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने वाले 20 लोग हिरासत में**

 

देहरादून, संवाददाताः  

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे 20 व्यक्तियों को हिरासत में लिया।

 

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों की शिकायतों को देखते हुए पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान खुले में शराब का सेवन करते मिले 20 लोगों को मौके से हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

 

थाने में सभी के खिलाफ धारा 81 पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी को सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन नहीं करने तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने से आसपास के लोगों को परेशानी होने के साथ ही कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में इस तरह की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, हुड़दंग करने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।