**देहरादूनः ई-रवन्ना की वैधता खत्म होने पर अब नहीं कटेगा ई-चालान, विभाग ने जारी किए दो हेल्पलाइन नंबर**

**देहरादूनः ई-रवन्ना की वैधता खत्म होने पर अब नहीं कटेगा ई-चालान, विभाग ने जारी किए दो हेल्पलाइन नंबर**

 

देहरादून। खनिज वाहनों के ई-रवन्ना को लेकर अक्सर आने वाली परेशानियों को देखते हुए भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय ने वाहन मालिकों को बड़ी राहत दी है। अब ट्रैफिक जाम, नो एंट्री, वीवीआईपी मूवमेंट या गाड़ी खराब होने जैसी आकस्मिक परिस्थितियों में यदि ई-रवन्ना की वैधता समाप्त हो जाती है, तो वाहन स्वामी पर अनावश्यक ई-चालान नहीं कटेगा।

 

इस संबंध में बुधवार 8 अक्टूबर को निदेशक राजपाल लेघा की अध्यक्षता में एमडीटीएसएस योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में इस समस्या के समाधान के लिए दो हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्णय लिया गया—8192802345 और 8192802320।

 

निदेशालय के अनुसार, यदि कोई आकस्मिक स्थिति उत्पन्न होती है तो वाहन स्वामी को तुरंत अपनी गाड़ी की नंबर प्लेट की फोटो और जीपीएस लोकेशन इन नंबरों पर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजनी होगी। इससे विभाग के पास सूचना दर्ज हो जाएगी और अनावश्यक ई-चालान से बचा जा सकेगा।

 

विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, अवैध परिवहन या भंडारण से संबंधित कोई भी शिकायत भी इन्हीं नंबरों पर की जा सकती है। यह पहल पूरी तरह से जनसुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।