**गुलदार के हमले में महिला की मौत, खंडाह क्षेत्र में दहशत**
श्रीनगर-पौड़ी हाईवे पर खंडाह के पास अमदार तरौली गांव में शुक्रवार शाम एक बार फिर जंगल के राज का खौफ देखने को मिला। गांव की 51 वर्षीय महिला गुलदार के हमले में मारे जाने से पूरे क्षेत्र में दहशत पसरी हुई है।
बताया गया है कि महिला शाम के समय मवेशियों के लिए घास लेने जंगल की ओर गई थी। करीब पांच बजे घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया। गले पर किए गए हमले से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान उसका क्षत-विक्षत शव मिला।
घटना के बाद अमदार तरौली समेत पूरे खंडाह क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग को कई बार गुलदार की मौजूदगी की सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आबादी के बिल्कुल नजदीक हुई इस घटना ने लोगों के गुस्से को और बढ़ा दिया है।
ग्रामीणों ने मौके पर वन विभाग की टीम बुलाकर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और रात में गश्त तेज करने की मांग की है।
