**एसएसपी दून के नेतृत्व में दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जिस्मफरोशी गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार, नाबालिग युवती का रेस्क्यू**
देहरादून। एसएसपी दून के नेतृत्व में दून पुलिस ने किराए के कमरे में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दिल्ली से गुमराह कर लाई गई एक नाबालिग युवती को भी रेस्क्यू किया।
मुख्य अभियुक्त के साथी ने युवती को मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया था। युवती द्वारा गलत काम करने से इनकार करने पर अभियुक्तों ने उसे कमरे में बंधक बना लिया था। मुख्य अभियुक्त डिमांड के हिसाब से दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से लड़कियों को देहरादून बुलाकर अनैतिक देह व्यापार करा रहा था। वह व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता, लड़कियों की फोटो भेजता और ग्राहकों की पसंद के अनुसार किराए के कमरे या बताए गए स्थान पर उन्हें भेजता था।
पुलिस को अभियुक्तों के कब्जे से आपत्तिजनक सामग्री के साथ देह व्यापार से कमाए गए 18,000 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध पोक्सो एक्ट, अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यह कार्रवाई एसएसपी दून के निर्देशन में हुई, जिसमें पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह को ध्वस्त किया।
