बारिश और खुदाई से कीचड़, चलना मुहाल
विकासनगर। शहर में इन दिनों सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का काम जोरों पर चल रहा है। दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मुख्य बाजार में खोदी गई सड़कों पर पिछले दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने कीचड़ में खाज का काम किया है। एक ओर कार्यदायी संस्था के मजदूर बारिश के बीच भी पाइपलाइन बिछाने में जुटे हैं, तो दूसरी ओर खुदाई से निकली मिट्टी पूरी तरह कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गई है। बदहाल हो चुकी इन सड़कों पर दोपहिया वाहन चलाना तो दूर, ग्राहकों का पैदल चलना तक मुहाल हो गया है। संवाद
तस्वीरों में देखिए बारिश और निर्माण कार्य के बीच शहर में हो रही परेशानी…
बारिश के बीच भी गरजती रही जेसीबी
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर स्थित शहर के मुख्य बाजार में सीवर व पेयजल लाइन बिछाने का काम बारिश के दौरान भी जारी रहा। कार्यदायी संस्था के कर्मचारी और मजदूर बारिश की परवाह किए बिना जेसीबी की मदद से सड़क की खुदाई कर पाइपलाइन डालने के काम में जुटे रहे।
दलदल बनी सड़क, राहगीरों की भारी फजीहत
लगातार हो रही रिमझिम बारिश की बूंदों ने खोदी गई सड़क की सूरत पूरी तरह बिगाड़ कर रख दी। बाजार में खरीदारी करने पहुंचे स्थानीय लोगों और महिलाओं को इसी भारी कीचड़, मिट्टी और फिसलन के बीच से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ा।
फिसलने के डर से हाईवे किनारे खड़े किए वाहन
बारिश और खुदाई के कारण सड़क पूरी तरह दलदल में बदल गई, जिससे लोगों का वाहन निकालना मुश्किल हो गया। फिसलने के डर से लोगों ने खुदाई के लिए बंद किए गए हाईवे के एक किनारे पर ही अपने वाहन पार्क कर दिए और पैदल ही जरूरत का सामान खरीदने बाजार की ओर निकल पड़े।
