**जमीन विवाद में बेटी ने प्रेमी के साथ की थी मां की हत्या**

**जमीन विवाद में बेटी ने प्रेमी के साथ की थी मां की हत्या**

 

जमीन बेचकर दूर जाने की थी योजना, कर्ज चुकाने के लिए प्रेमी भी हुआ शामिल

दून दर्शन लाइव से संदीप दुबे की रिपोर्ट

 

**रायवाला।** मोतीचूर में 65 वर्षीय खजानी देवी हत्याकांड का रायवाला पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में मृतक की बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार पुश्तैनी जमीन के संबंध में चल रहे विवाद में खजानी देवी की हत्या की साजिश रची गई थी। बीते 22 सितंबर को संजय पुंडीर पुत्र स्व. गोविंद सिंह पुंडीर, निवासी ग्राम काटल, पोस्ट भोगपुर, थाना रानीपोखरी ने कोतवाली में शिकायत दी थी।

 

उन्होंने बताया था कि उनकी मां खजानी देवी भगत सिंह कॉलोनी, मोतीचूर में अपनी छह वर्षीय पोती के साथ किराये के मकान में रहती थीं। 21 सितंबर से वह लापता थीं और मकान पर ताला लगा था। ताला तोड़कर अंदर देखा गया तो बाथरूम में खजानी देवी मृत मिलीं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।

 

कोतवाली प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि जांच में मृतक का उसकी बेटी शिल्पा थापा से पुश्तैनी जमीन पर विवाद सामने आया। शिल्पा नई बस्ती लाइनपार, शहीद भगत सिंह कॉलोनी में मृतक के घर से कुछ दूरी पर रहती है।

 

**पहले गला दबाया, फिर बाल्टी में डुबोया सिर**

 

**रायवाला।** मोतीचूर हत्याकांड की जांच में पुलिस के सामने आए घटनाक्रम के अनुसार, शिव नारायण पांडे ने पहले 65 वर्षीय खजानी देवी का गला दबाया और फिर उनका सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबो दिया। इसके बाद मकान पर बाहर से ताला लगाकर दोनों वहां से चले गए। पुलिस का दावा है कि पुश्तैनी जमीन पर चल रहे विवाद में बेटी शिल्पा थापा ने शिव नारायण के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू मूल रूप से ग्राम करौंदी, थाना भगवानपुर, हरिद्वार का रहने वाला है। पुलिस जांच के अनुसार, मार्च 2026 में भूपतवाला, हरिद्वार के एक होटल में उसकी मुलाकात शिल्पा थापा से हुई। दोनों वहीं काम करते थे और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध हुआ। शिव नारायण का अपनी पत्नी से तलाक का मामला भी चल रहा था। संवाद