सशक्त नारी–समृद्ध उत्तराखंड के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री ने किया तीज उत्सव पर महिला संवाद

सशक्त नारी–समृद्ध उत्तराखंड के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री ने किया तीज उत्सव पर महिला संवाद

देहरादून। तीज उत्सव के अवसर पर आज भाऊवाला में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं का अभिनंदन किया तथा बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उनके विचार, सुझाव और अपेक्षाएं सुनीं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की असली शक्ति हमारी मातृशक्ति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की नीतियां तभी अधिक प्रभावी बनती हैं, जब उनमें जनता की आवाज और अनुभव शामिल होते हैं। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की मातृशक्ति आने वाले समय में भी राज्य के विकास और समृद्धि की सबसे बड़ी शक्ति बनेगी तथा ‘सशक्त नारी–समृद्ध उत्तराखंड’ के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार महिलाओं को निर्णय लेने वाली शक्ति और नेतृत्वकर्ता बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार और कौशल विकास के माध्यम से राज्य की महिलाओं की तस्वीर तेजी से बदल रही है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से खुलकर संवाद करने का आग्रह करते हुए कहा कि सरकार इस दिशा में पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का संकल्प दोहराया।