**रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत, सात दिन पहले हुई मारपीट के आधार पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज**

**रायपुर में युवक की संदिग्ध मौत, सात दिन पहले हुई मारपीट के आधार पर गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज**

 

देहरादून। थाना रायपुर क्षेत्र अंतर्गत राजीव नागलिया स्थित एक मकान में रविवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके कमरे में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

मृतक के परिजनों का आरोप है कि करीब सात दिन पहले कुछ लोगों ने उसके साथ गंभीर मारपीट की थी, जिसके चलते उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई और रविवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, रिंग रोड (निकट होटल पर्ल एवेन्यू) निवासी शफीक पुत्र मो. ईद्रीश ने थाना रायपुर में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका साला जानिसार खान पुत्र शकील खान, निवासी राजीव नागलिया (रायपुर) में रहता था। आरोप है कि बीते 7 सितंबर को जानिसार का विक्कू और उसके अन्य साथियों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान आरोपियों ने जानिसार के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं।

 

परिजनों का कहना है कि मारपीट में आई चोटों के कारण जानिसार की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। रविवार (13 सितंबर) की सुबह जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया।

 

थाना रायपुर पुलिस ने मृतक के साले की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी विक्कू और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक और सटीक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।