**विकास नगर: खुदाई से बना जाम का अड्डा, यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर घंटों फंसे आम लोग, एम्बुलेंस और सैन्य वाहन**

**विकास नगर: खुदाई से बना जाम का अड्डा, यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर घंटों फंसे आम लोग, एम्बुलेंस और सैन्य वाहन**

 

विकास नगर। रामकुमार चौक से डाकपत्थर चौक तक पिछले तीन घंटे से भारी जाम लगा हुआ है। आम जनता के साथ रोगी वाहन, एम्बुलेंस, आवश्यक सेवाओं के वाहन और सैन्य वाहन भी कई घंटों से फंसे पड़े हैं। जाम खुलवाने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

 

यमुनोत्री नेशनल हाईवे, जो चारधाम यात्रा के साथ-साथ भारतीय सेना के आवागमन के लिए भी महत्वपूर्ण है, विकास नगर बाजार की बेतरतीब खुदाई के कारण पिछले कई महीनों से बाधित चल रहा है। शहर की सड़कों को मानो खुदाई नगर बना दिया गया है। धूल के गुब्बार बाजार में उड़ रहे हैं, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है।

 

व्यापारियों का व्यापार भी महीनों से ठप पड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अव्यवस्थित खुदाई और उचित प्रबंधन की कमी के कारण नेशनल हाईवे पर यह स्थिति बनी हुई है। यातायात व्यवस्था चरमरा गई है और कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही।

 

लोगों ने प्रशासन से तत्काल जाम खुलवाने और खुदाई कार्यों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की मांग की है, ताकि आम जनजीवन और सैन्य आवागमन सामान्य हो सके।