**एसएसपी देहरादून की मैराथन बैठक: नशा तस्करों पर पैनी नजर, त्योहारी सीजन में अलर्ट मोड**

**एसएसपी देहरादून की मैराथन बैठक: नशा तस्करों पर पैनी नजर, त्योहारी सीजन में अलर्ट मोड**

 

देहरादून। एसएसपी देहरादून ने हाल ही में एक लंबी बैठक कर अधीनस्थ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। बैठक में अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी, अग्नि सुरक्षा, त्योहारी व्यवस्था और लंबित विवेचनाओं पर विशेष फोकस रखा गया।

 

एसएसपी ने नशा तस्करों पर पैनी नजर रखने और कार्यवाही में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

 

आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सभी अधीनस्थों को अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया गया। अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से अस्पतालों, होटलों, रेस्तरां और पटाखों के गोदामों का फायर ऑडिट कराने के निर्देश जारी किए गए। सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले संस्थानों को नोटिस देकर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया।

 

आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ अधिक प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। त्योहारों के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने को भी कहा गया। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने तथा सांयकालीन व रात्रि चेकिंग को और प्रभावी बनाने के आदेश दिए गए।

 

लंबित विवेचनाओं की समीक्षा कर उन्हें त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। अनावश्यक रूप से विवेचनाएं लंबित रखने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी गई। सीसीटीएनएस पोर्टलों में सभी सूचनाओं को समय से अपडेट करने को कहा गया और कोताही बरतने वालों को सख्त हिदायत दी गई।

 

थाने पर आने वाले पीड़ितों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। प्रार्थना-पत्र अनावश्यक रूप से लंबित पाए जाने पर थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

 

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि जन-सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोई भी लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।