देहरादून: भारी बारिश की आशंका के चलते 31 अगस्त को स्कूल-आंगनबाड़ी बंद
देहरादून। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए जनपद के सभी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में 31 अगस्त 2026 को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष द्वारा जारी आदेश संख्या 327/डीडीएमए/2026-27 दिनांक 30 अगस्त 2026 के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून तथा एनडीएमए के माध्यम से नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल पर जारी अद्यतन मौसम फॉरकास्ट/नॉवकास्ट के आधार पर अगले 24 घंटों में जनपद देहरादून में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर होने की संभावना है। इस कारण ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित हो सकती है।
आपदा न्यूनीकरण के दृष्टिगत कक्षा 1 से 12 तक संचालित समस्त शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 31.08.2026 को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। अत: जनपद के समस्त शासकीय/गैर-शासकीय एवं निजी स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 31 अगस्त को बंद रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि वे उक्त आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करवाएं।
आदेश जिला मजिस्ट्रेट/अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा जारी किया गया है।
