**देहरादून: पटेलनगर में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी**
देहरादून। कोतवाली पटेलनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। नयागांव के पास सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। इस पर बाइक सवार चेकिंग पॉइंट पर नहीं रुके और बुडपुर की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बदमाशों की गोली से पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायल बदमाशों को इलाज के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान शमीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की (जनपद हरिद्वार) के रूप में हुई है।
