**देहरादून: उत्तराखंड में मौसम फिर करवट लेगा, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट**
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जहां एक ओर पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है, वहीं मौसम शुष्क बना हुआ है। देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम फिर करवट बदल सकता है।
राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने का अंदेशा जताया गया है, जिसके कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जनपदों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में गरज के साथ बिजली चमकने की भी आशंका है।
दूसरी ओर, राज्य के मैदानी जिलों, खासकर हरिद्वार और उधम सिंह नगर में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या सामान्य से थोड़ा कम दर्ज किया गया। पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से काफी कम तक रहा, जिससे पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
प्रदेश में कहीं-कहीं दोपहर बाद या शाम के समय गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं, जिससे कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा होने की संभावना है। राजधानी देहरादून और आसपास के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने आज कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि बीते दिनों प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली, जिससे निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है। अगर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहा तो पर्वतीय जिलों में कड़ाके की ठंड से लोगों को दो-चार होना पड़ सकता है।
(स्रोत: देहरादून मौसम विभाग)
