**उत्तराखंड लेखपाल संघ की आपात बैठक: फर्जी प्रमाण पत्र प्रकरण में लेखपालों के खिलाफ कार्रवाई का विरोध, 25 से प्रमाण पत्रों का बहिष्कार**
देहरादून, 23 सितंबर 2026। उत्तराखंड लेखपाल संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की आपात बैठक आज लेखपाल सभागार, तहसील सदर, देहरादून में प्रदेश अध्यक्ष श्री देवेश घिल्डियाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद देहरादून में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जारी फर्जी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्रों के मामले में लेखपालों के विरुद्ध की गई कार्रवाई का जोरदार विरोध किया गया।
जनपद देहरादून की जिला कार्यकारिणी द्वारा 25 सितंबर 2026 से समस्त प्रमाण पत्रों का पूर्ण बहिष्कार करने के निर्णय का प्रदेश कार्यकारिणी ने समर्थन किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री देवेश घिल्डियाल ने बताया कि उत्तराखंड की कुल जनसंख्या का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा मैदानी जनपदों में निवास करता है। इन क्षेत्रों में अत्यधिक जनसंख्या घनत्व के कारण प्रत्येक लेखपाल की आईडी पर प्रतिदिन 50 से 100 प्रमाण पत्र आते हैं, जिनका घर-घर जाकर (डोर-टू-डोर) सत्यापन संभव नहीं है। आवेदकों द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेजों के आधार पर ही लेखपाल आख्या देने को मजबूर हैं।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जरिए दस्तावेजों में की गई कूटरचना (टैम्परिंग) के आधार पर फर्जी प्रमाण पत्र बनने की स्थिति में लेखपालों को दोषी ठहराना उचित नहीं है। यदि कूटरचित दस्तावेजों पर आधारित फर्जी प्रमाण पत्रों के मामले में लेखपालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाती रही, तो संघ प्रदेश के संपूर्ण मैदानी क्षेत्रों में प्रमाण पत्रों का बहिष्कार करने को विवश होगा। इसका पूरा उत्तरदायित्व शासन-प्रशासन का होगा।
बैठक में यह भी कहा गया कि वर्तमान प्रकरण में आवेदकों के साथ-साथ जन सुविधा केंद्र संचालकों या अन्य किसी व्यक्ति अथवा गिरोह के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, न कि उन लेखपालों के खिलाफ जो अत्यधिक कार्य दबाव और दो-दो क्षेत्रों के कार्यभार के बावजूद अपने दैनिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं।
मीडिया बंधुओं से अपील करते हुए पदाधिकारियों ने कहा कि प्रकरण की संपूर्ण तथ्यात्मक जानकारी हासिल कर खबर प्रकाशित की जाए। कई समाचार पत्रों द्वारा पूरे दोष को केवल लेखपालों पर मढ़ना दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया।
**बैठक में उपस्थित पदाधिकारी:**
प्रदेश अध्यक्ष श्री देवेश घिल्डियाल, प्रदेश महामंत्री श्री मेजर सिंह चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष श्री उम्मेद सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री श्री रविंद्र दत्त सेमवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सेवानिवृत्त श्री हुकुमचंद पाल, पूर्व जिला अध्यक्ष सेवानिवृत्त श्री सगत सिंह सैनी, श्री हीरा सिंह बिष्ट, श्री आनंद सिंह रावत, श्री मनोज मिश्रा, श्री भोला सिंह, श्री सुनील चौधरी, श्री रिजवान हसन, जनपद हरिद्वार के जिला अध्यक्ष श्री सुंदर सिंह तोमर, जनपद उधम सिंह नगर की जिला मंत्री श्रीमती इंदु भट्ट तथा जनपद देहरादून के जिला अध्यक्ष श्री जयपाल सिंह रावत आदि।
