ट्रैक्टर के पीछे गाय को बांधकर घसीटने का वीडियो वायरल, पुलिस ने लिया संज्ञान
विकासनगर। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक दिल दहला देने वाले वीडियो ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। वीडियो में एक गाय को ट्रैक्टर के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटते हुए ले जाते हुए देखा गया। कुछ दूरी तय करने के बाद घायल अवस्था में गाय को सड़क किनारे छोड़कर ट्रैक्टर चालक फरार हो गया।
वीडियो वायरल होते ही कोतवाली विकासनगर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। घायल गाय को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहचान राज डेयरी फार्म, आदूवाला जुड़ली के स्वामी राज कुमार के वाहन के रूप में हुई।
पुलिस ने राज कुमार के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कोतवाली विकासनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर को सीज कर लिया गया है तथा वाहन स्वामी को हिरासत में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो से शुरू हुई इस जांच में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद पशु के साथ हुई क्रूरता के मामले में कानूनी शिकंजा कस गया है।
