अंकिता भंडारी हत्याकांड: CBI जांच में देरी पर कांग्रेस का रोष, मोहित उनियाल ने मांगी प्रगति की जानकारी

अंकिता भंडारी हत्याकांड: CBI जांच में देरी पर कांग्रेस का रोष, मोहित उनियाल ने मांगी प्रगति की जानकारी

देहरादून/परवादून। परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच में हो रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाना केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की जिम्मेदारी है।

उनियाल ने कहा कि लंबे समय से सीबीआई जांच चल रही है, लेकिन आज तक जांच की प्रगति और सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों को सार्वजनिक नहीं किया गया है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि जांच किस स्तर तक पहुंची है और दोषियों के विरुद्ध अब तक क्या कार्रवाई हुई है।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अंकिता के परिवार को न्याय और उत्तराखंड की जनता को सच जानने का पूरा अधिकार है। जांच में किसी भी प्रकार की लीपापोती या राजनीतिक दबाव की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी और षड्यंत्र में शामिल व्यक्ति की निष्पक्ष जांच कर कठोर दंड सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

कांग्रेस संगठन की प्रमुख मांगें:

अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच की वर्तमान स्थिति एवं प्रगति सार्वजनिक की जाए।

जांच में सामने आए महत्वपूर्ण तथ्यों और कड़ियों को जनता के सामने रखा जाए।

मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी एवं षड्यंत्र में शामिल व्यक्तियों की निष्पक्ष जांच की जाए।

अंकिता भंडारी के परिवार को शीघ्र और पूर्ण न्याय सुनिश्चित किया जाए।

दोष सिद्ध होने पर सभी दोषियों को कठोरतम दंड दिलाया जाए।

मोहित उनियाल ने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय मिलने तक उत्तराखंड कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह केवल अंकिता की लड़ाई नहीं, बल्कि उत्तराखंड की हर बेटी की सुरक्षा, सम्मान और न्याय की लड़ाई है