विकासनगर: 535 करोड़ की सीवर-पेयजल योजना में अनियमितताओं की जांच शुरू, जनता के संघर्ष की जी
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में 535 करोड़ रुपये की सीवर एवं पेयजल योजना में कथित अनियमितताओं और घटिया निर्माण के खिलाफ क्षेत्रवासियों द्वारा उठाई गई आवाज रंग लाई है। जनहित को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी देहरादून ने सात विभागों के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है।
उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकारी अध्यक्ष विकासनगर शहर एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अरविंद तोमर ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि जिलाधिकारी महोदय द्वारा त्वरित संज्ञान लेना और निष्पक्ष जांच की दिशा में आगे बढ़ना सराहनीय है। उन्होंने जिलाधिकारी को धन्यवाद भी दिया।
जांच समिति में उप जिलाधिकारी विकासनगर, कार्यक्रम निदेशक यूयूएसडीए देहरादून, जिला खान अधिकारी, मुख्य कृषि अधिकारी, एआरटीओ विकासनगर, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड लोक निर्माण विभाग देहरादून तथा अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद विकासनगर को शामिल किया गया है। समिति सभी संबंधित बिंदुओं की जांच करेगी।
अरविंद तोमर ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल हमेशा पारदर्शी विकास और जनता के अधिकारों का पक्षधर रहा है। उन्हें पूरा विश्वास है कि जांच समिति किसी भी राजनीतिक या बाहरी दबाव से मुक्त रहकर पूरी ईमानदारी से काम करेगी। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, राजस्व क्षति और नियमों के उल्लंघन जैसे गंभीर मुद्दों पर सच्चाई सामने आनी चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि विकासनगर की जनता के पैसे की सुरक्षा और उनके हक के लिए है। दल जांच प्रक्रिया पर पैनी नजर रखेगा और उम्मीद करता है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी, ताकि क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
