विकासनगर ज्वैलरी चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के चार नेपाली सदस्य गिरफ्तार
विकासनगर (देहरादून)। ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने विकासनगर में ज्वैलरी शॉप में हुई चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह के चार नेपाली आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई करीब चार से पांच लाख रुपये कीमत की सोने-चांदी की ज्वैलरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बेहद शातिर तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। वे अलग-अलग राज्यों में मजदूरी के बहाने पहुंचकर पहले रेकी करते और फिर सुनियोजित तरीके से ज्वैलर्स की दुकानों को निशाना बनाते थे। विकासनगर में भी आरोपियों ने काम की तलाश के बहाने अलग-अलग स्थानों की रेकी की और न्यू राणा ज्वैलर्स को चोरी के लिए चिन्हित किया।
7 अगस्त की रात हुई थी चोरी
7 अगस्त की रात आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। घटना के बाद वे देहरादून और हरिद्वार होते हुए बस से हिमाचल प्रदेश चले गए। इसके बाद नेपाल भागने की तैयारी में वापस देहरादून आईएसबीटी की ओर आ रहे थे, लेकिन उत्तराखंड-हिमाचल सीमा के पास पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
फर्जी आधार कार्ड से लेते थे सिम
पूछताछ में एक आरोपी निश्चल योगी उर्फ रमेश के कब्जे से हिमाचल प्रदेश के पते पर बनाया गया फर्जी आधार कार्ड बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी इसी फर्जी पहचान के आधार पर सिम खरीदकर चोरी के दौरान इस्तेमाल करते थे और घटना के बाद सिम को तोड़कर नष्ट कर देते थे, ताकि पुलिस उनकी पहचान और लोकेशन तक न पहुंच सके।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में कर्नाटक, तमिलनाडु और अन्य राज्यों में चोरी एवं नकबजनी के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
चार गिरफ्तार, एक वांछित
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नैना शाही उर्फ विनोद, दीपक कुमार ठाकुर उर्फ भोटिया, शंकर बहादुर शाही और निश्चल योगी उर्फ रमेश के रूप में हुई है। सभी आरोपी नेपाल के रहने वाले हैं।
पूछताछ में सामने आए इनके साथी भीम बहादुर शाही को पुलिस ने वांछित किया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने भीम बहादुर के कहने पर विकासनगर में चोरी की योजना बनाई थी।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 16 अगस्त की रात कुल्हाल हाईवे पुल के पास कच्चे रास्ते से चारों को चोरी की ज्वैलरी के साथ गिरफ्तार किया।
- वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून की रणनीति और पुलिस टीम की कार्रवाई से अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरे राज्यों में की गई वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
