प्रेमनगर के पीजी-हॉस्टलों में पुलिस की देर रात चेकिंग

प्रेमनगर के पीजी-हॉस्टलों में पुलिस की देर रात चेकिंग
■ अनियमितता मिलने पर चार संचालकों को नोटिस
पायनियर समाचार सेवा। देहरादून
थाना प्रेमनगर क्षेत्र में पढ़ाई की आड़ में होने वाली हुड़दंग और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने देर रात पीजी और हॉस्टलों में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर एसपी सिटी के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने हॉस्टलों और पीजी की जांच की। इस दौरान चार हॉस्टलों में अनियमितताएं मिलने पर संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने हॉस्टल और पीजी संचालकों से वहां रह रहे छात्र-छात्राओं की जानकारी ली। पुलिस ने सभी छात्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और हॉस्टलों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रों के रात 10 बजे तक हॉस्टल में प्रवेश की व्यवस्था सुनिश्चित करने, बाहरी व्यक्तियों को सत्यापन के बाद ही प्रवेश देने तथा आने-जाने वाले लोगों का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया। पुलिस ने संचालकों को चेतावनी दी कि हॉस्टल या पीजी में रहने वाला कोई छात्र आपराधिक गतिविधि में शामिल पाया जाता है अथवा नशीले पदार्थों के सेवन से संबंधित शिकायत सामने आती है तो संबंधित छात्र के साथ प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। रात में छात्र-छात्राओं के अनावश्यक रूप से घूमते पाए जाने पर भी हॉस्टल संचालक के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई। चेकिंग अभियान के दौरान देर रात अनावश्यक रूप से घूमते मिले चार संदिग्ध युवकों को पुलिस हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं, अनियमितता मिलने वाले चार हॉस्टल संचालकों को तय समय सीमा में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा कि देहरादून में पढ़ाई के नाम पर हुड़दंग, नशे या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हॉस्टल और पीजी संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। पुलिस का चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।