**बागेश्वर में हल्का भूकंप, तीव्रता 3.6; कोई नुकसान नहीं**
बागेश्वर और आसपास के क्षेत्रों में शनिवार दोपहर हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 मापी गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि भूकंप दोपहर 12:35:11 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र बागेश्वर क्षेत्र में 29.984 डिग्री उत्तर अक्षांश और 79.692 डिग्री पूर्व देशांतर पर जमीन के भीतर महज पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। कम गहराई के कारण आसपास के इलाकों में झटके साफ महसूस किए गए।
अचानक आए झटकों से कुछ स्थानों पर लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के नुकसान या जान-माल की हानि की कोई सूचना नहीं है।
भूकंप महसूस होते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम अलर्ट मोड पर आ गई। जिला आपदा कंट्रोल रूम से सभी तहसीलों, पुलिस चौकियों और राजस्व उपनिरीक्षकों से फीडबैक लिया जा रहा है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार जिले में कहीं से भी नुकसान की खबर नहीं मिली है।
प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में आपदा कंट्रोल रूम को तुरंत सूचित करने की अपील की है।
